मुंबई वार्ता संवाददाता

ओशिवरा पुलिस ने 30 वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान एच. यादव के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ वर्ष 1994 में ओशिवारा इलाके में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।


पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी मुंबई छोड़कर फरार हो गया था और वर्षों तक अपनी पहचान छिपाकर अलग–अलग स्थानों पर रह रहा था। अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा था, इसके बावजूद वह लगातार कानून की पकड़ से बाहर बना रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगामी महानगरपालिका चुनावों के मद्देनज़र पुराने और लंबित मामलों की दोबारा समीक्षा की जा रही थी। इसी दौरान वर्षों से फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी यादव से जुड़ा एक मोबाइल नंबर मिला, जिसके आधार पर उसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश में ट्रेस की गई।नए साल के दिन ओशिवरा पुलिस की एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई लाया गया, जहां संबंधित अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि लंबे समय से लंबित मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।इस मामले में ओशिवरा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण ने सहायक पुलिस निरीक्षक भावीस्कर से संपर्क करने की बात कही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उइसे संपर्क नहीं हो पाया।


