मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई की वडाला रेलवे पुलिस ने 1 जनवरी को वडाला–सीएसएमटी स्लो लोकल ट्रेन में टिकट जांच के दौरान एक टिकट परीक्षक (टीटीई) के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने के मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस घटना में एक आरोपी की पहचान शब्बीर जाफर शेख (23) के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता धनंजय यादव (40), जो टिकट परीक्षक हैं, ने बताया कि 1 जनवरी को शाम करीब 4:30 बजे वह अपने सहकर्मी सुधीर मांझी (36) के साथ वडाला रेलवे स्टेशन से सीएसएमटी की ओर जा रही स्लो लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी डिब्बे में सवार हुए थे। टिकट जांच के दौरान मांझी ने दो पुरुष यात्रियों से टिकट दिखाने को कहा। इनमें से एक यात्री के पास वैध प्रथम श्रेणी का टिकट था, जबकि दूसरे यात्री ने द्वितीय श्रेणी का टिकट दिखाया।जब टिकट परीक्षक ने द्वितीय श्रेणी टिकट वाले यात्री से जुर्माना भरने को कहा, तो वह बहस करने लगा।
टीटीई ने उसे बताया कि यदि वह जुर्माना नहीं भरेगा, तो उसे अलग बैठाकर सीएसएमटी स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सौंप दिया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।आरोप है कि इसी दौरान शब्बीर जाफर शेख ने धनंजय यादव पर हमला कर दिया, जिससे उनके कान, होंठ और हाथ में चोटें आईं। अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
इस बीच, शब्बीर शेख के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर टिकट परीक्षकों को धमकी दी और कहा कि वह पहले एक साल तक जेल में रह चुका है। उसने हिंसा की धमकी देते हुए टीटीई को पुलिस स्टेशन चलने की चुनौती भी दी।
वडाला रेलवे पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


