मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

पालघर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक २० साल की आदिवासी लड़की को शादी का झांसा देकर 3 लाख रुपये में बेच दिया गया। महिला को बेचने और टॉर्चर करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।


पीड़िता ने आरोप लगाया है कि साल २०२४ में नासिक के एक आदमी से उसकी जबरन शादी करा दी गई थी। शुरुआती जांच में सामने आई जानकारी के आधार पर, पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी और आरोपी की मां ने कथित तौर पर दो लोगों को ३ लाख रुपये दिए, जिन्होंने लड़की की तस्करी की और उसकी शादी करवा दी।
शिकायतकर्ता ने कहा कि उसका पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर करता था और बार-बार उसका यौन शोषण भी करता था। जब वह प्रेग्नेंट थी, तब भी उसका पति उसे मारता था। इतना ही नहीं, उसे समय पर खाना भी नहीं दिया जाता था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद महिला जून २०२५ को अपनी मां के घर लौट आई। मामला तब सामने आया जब आरोपी ने ६ जनवरी को उसके बच्चे को किडनैप करने की कोशिश की। मामला काबू से बाहर होने पर पुलिस को दखल देना पड़ा।
पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रेय बाजीराव किंद्रे ने कहा कि आरोपी, उसकी मां और दो बिचौलियों के खिलाफ इंडियन पीनल कोड और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) एक्ट के तहत वाडा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।


