मुंबई वार्ता संवाददाता

स्थानीय फिटनेस सेंटर फ्लैट फिट जिम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि जिम प्रबंधन ने 200 से अधिक सदस्यों से सालाना फीस के तौर पर करीब 20 लाख रुपये वसूलने के बाद अचानक जिम बंद कर दिया।


नवघर पुलिस के अनुसार, जिम ने आधुनिक सुविधाओं और लंबे समय तक फिटनेस योजनाओं का झांसा देकर लोगों को सदस्य बनाया। प्रत्येक सदस्य से 10,000 से 11,000 रुपये की वार्षिक फीस ली गई, जो अधिकतर डिजिटल माध्यम से वसूली गई। शुरुआती कुछ समय तक जिम सामान्य रूप से संचालित हुआ, जिससे सदस्यों का भरोसा बढ़ा।
लेकिन 9 अगस्त को जब सदस्य जिम पहुंचे तो शटर बंद मिले और ताले लगे हुए थे। किसी भी तरह की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। जिम के सदस्य निलेश नांद्रे ने बताया कि प्रबंधन से संपर्क करने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन फोन बंद मिले और अब तक किसी को भी फीस वापस नहीं की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुल 205 सदस्यों से लगभग 20.05 लाख रुपये की वसूली की गई थी। सदस्यों का आरोप है कि जिम परिसर को लेकर विवाद चलने के बावजूद प्रबंधन लगातार लंबी अवधि की सदस्यता बेचता रहा।
इस मामले में कई सदस्यों की शिकायत पर नवघर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत ठगी का केस दर्ज किया है। जिम संचालक स्वप्निल निगोटे और हर्षल सालुंके की भूमिका की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पराग सोनावणे ने बताया कि आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजे जाएंगे। यदि वे सहयोग नहीं करते हैं तो उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही, पुलिस पैसों की ट्रेसिंग कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसी तरह की अन्य शिकायतें तो दर्ज नहीं हैं।


