मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के पुराने नेता और पूर्व विधायक दगडू सकपाल ने रविवार (11 जनवरी 2026) को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया।


दगडू सकपाल मुंबई के लालबाग–परळ–सेवरी विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रह चुके हैं। यह इलाका पिछले पांच दशकों से ठाकरे परिवार का गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में सकपाल का शिंदे गुट में जाना राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।


हालांकि वर्ष 2014 से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व अजय चौधरी कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद एक पूर्व विधायक का पार्टी बदलना शिंदे गुट के लिए प्रतीकात्मक और रणनीतिक बढ़त के रूप में देखा जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब मुंबई महानगरपालिका के चुनाव नजदीक हैं और एकनाथ शिंदे ठाकरे गढ़ में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह एकनाथ शिंदे और दगडू सकपाल के बीच मुलाकात हुई थी, जिसके बाद से उनके पाला बदलने की अटकलें तेज हो गई थीं। अब उनके औपचारिक रूप से शिंदे गुट में शामिल होने से इन अटकलों पर विराम लग गया है।


