मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई की आर्थर रोड सेंट्रल जेल से एक बार फिर चिंताजनक घटना सामने आई है। जेल में बंद एक कैदी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस हिंसक घटना में पुलिस कांस्टेबल वाघ गंभीर रूप से घायल हो गए, उनका उपचार जारी है। हमलावर कैदी की पहचान लोकेंद्र उदयसिंह रावत के रूप में हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना जेल के मुख्य द्वार के समीप स्थित खुले क्षेत्र में घटी।बताया गया है कि आरोपी लोकेंद्र रावत ने अचानक वहां तैनात पुलिसकर्मियों को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। स्थिति को बिगड़ता देख कांस्टेबल वाघ एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उनकी बात मानने के बजाय और अधिक आक्रामक रुख अपनाते हुए कांस्टेबल वाघ पर हमला कर दिया। जब मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना के बाद आरोपी लोकेंद्र रावत के विरुद्ध संबंधित पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। जेल जैसी उच्च-सुरक्षा व्यवस्था वाली जगह पर पुलिसकर्मियों पर हमला होना सुरक्षा और अनुशासन को लेकर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


