श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के मालाड पुलिस ने एक कथित ब्लैकमेलिंग और उगाही गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इस गिरोह ने 2026 के बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव राष्ट्रीय पार्टी के टिकट पर लड़कर हार चुके एक नेता को अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर रकम वसूली। गिरोह की कथित सरगना और अन्य साथी—जिनमें पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता बनकर धमकी देने वाले लोग भी शामिल हैं—अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।


पुलिस के मुताबिक, पीड़ित मालाड का निवासी है। दिसंबर 2025 में उसकी मुलाकात 43 वर्षीय महिला से एक परिचित के माध्यम से हुई। इसके बाद दोनों की कई होटलों में मुलाकातें हुईं और तय सहमति के अनुसार नकद और ऑनलाइन भुगतान किए गए।मामला तब गंभीर हो गया जब पीड़ित को उसी महिला की ओर से व्हाट्सऐप पर उसकी अर्धनग्न तस्वीर भेजी गई।
आरोप है कि महिला ने तस्वीर वायरल करने की धमकी देते हुए पैसे मांगे। दबाव में आकर पीड़ित ने पहले 9,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और इसके बाद कई बार नकद व डिजिटल भुगतान करता रहा।पुलिस के अनुसार, उगाही का यह सिलसिला आगे बढ़ता गया। पीड़ित को अलग-अलग अनजान नंबरों से कॉल आने लगे। बाद में महिला ने एक लाख रुपये में “सेटलमेंट” का प्रस्ताव रखा और नकद रकम लेने के लिए एक अन्य महिला को भेजा गया।
इसके बाद खुद को पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले लोगों ने फोन कर बदनाम करने की धमकी दी और और ज्यादा पैसे की मांग की। लगातार धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने 27 जनवरी को मालाड पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “जांच में सामने आया कि गिरोह ने कुल 1,49,500 रुपये की उगाही की, जिसमें 1 लाख रुपये नकद और 49,500 रुपये ऑनलाइन शामिल हैं। इसके अलावा 3 लाख रुपये और मांगे गए, साथ ही तस्वीरें सोशल मीडिया पर फैलाने की धमकी दी गई।”
मालाड के वरिष्ठ निरीक्षक दुश्यंत चौहान ने एक महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि डीसीपी और एसीपी के मार्गदर्शन में पीएसआई अक्षय मंडले फरार आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह ने इसी तरह के हथकंडों से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है।


