मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में घर खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) ने एक बड़ी घोषणा की है। म्हाडा ने 2 फरवरी को मुंबई के विभिन्न इलाकों में पहले आओ–पहले पाओ (फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व) आधार पर 120 फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध कराने की जानकारी दी है।


सूत्रों के अनुसार, बिक्री के लिए उपलब्ध सबसे महंगा फ्लैट दक्षिण मुंबई के टार्डियो इलाके में है, जिसकी कीमत 8 करोड़ रुपये से अधिक रखी गई है। वहीं, सबसे सस्ता फ्लैट 38 लाख रुपये में उपलब्ध होगा। ये फ्लैट कांदिवली, चारकोप, शिंपोली, अंटॉप हिल, वडाला, पवई, मलाड, मानखुर्द, घाटकोपर, विक्रोली, बायकुला, टार्डियो, लोअर परेल, सायन, जुहू और अंधेरी जैसे मुंबई के कई इलाकों में स्थित हैं।म्हाडा ने बताया कि ये सभी फ्लैट पहले लॉटरी योजना के तहत पेश किए गए थे, लेकिन विभिन्न कारणों से इनकी बिक्री नहीं हो सकी थी। अब इन्हें पहले आओ–पहले पाओ योजना के तहत सीधे बिक्री के लिए रखा गया है।
प्राधिकरण के अनुसार, इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 फरवरी 2026 से शुरू होगी। इच्छुक नागरिक म्हाडा की आधिकारिक वेबसाइट https://bookmyhome.mhada.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। वहीं, 12 फरवरी 2026 से ऑनलाइन आवेदन भरने, सुरक्षा जमा राशि और आवेदन शुल्क का भुगतान करने के साथ-साथ फ्लैट का चयन करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
फ्लैट का चयन होने के बाद आवेदक को 48 घंटे के भीतर फ्लैट की कुल बिक्री कीमत का 10 प्रतिशत हिस्सा जमा करना अनिवार्य होगा।
म्हाडा ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की तिथि को आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और वह भारतीय नागरिक होना आवश्यक है।दस्तावेजों के संबंध में म्हाडा ने बताया कि अविवाहित आवेदकों को आधार कार्ड और पैन कार्ड जमा करना होगा। विवाहित आवेदकों के मामले में पति और पत्नी दोनों के आधार और पैन कार्ड आवश्यक होंगे। वहीं, तलाकशुदा आवेदकों को न्यायालय के अंतिम निर्णय की प्रमाणित प्रति या अपील की प्रति जमा करनी होगी।
अंतिम निर्णय की प्रति के बिना फ्लैट का कब्जा नहीं दिया जाएगा और डिक्री सर्टिफिकेट के बिना फ्लैट का आवंटन नहीं किया जाएगा।


