मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई के बोरिवली पश्चिम स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से 5 किलो सोने के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। चोरी गए सोने की कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब भी दो से तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।


पुलिस के अनुसार यह चोरी 13 और 14 जनवरी की दरम्यानी रात आईसी कॉलोनी स्थित ‘माय गोल्ड प्वाइंट’ ज्वेलरी स्टोर में हुई। मामले में अंदरूनी मिलीभगत सामने आई है, क्योंकि दुकान बंद करने की जिम्मेदारी जिन कर्मचारियों पर थी, उन्हीं में से दो कर्मचारी घटना के बाद से गायब हो गए थे।जांच में सामने आया कि कर्मचारियों को दुकान की चाबियां सौंपी गई थीं। इसी का फायदा उठाकर दो कर्मचारियों ने डिस्प्ले काउंटर खाली किए और करीब 5 किलो सोना लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद एमएचबी कॉलोनी पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।डीसीपी संदीप जाधव और वरिष्ठ निरीक्षक हरीश गवली के मार्गदर्शन में पुलिस ने एक कर्मचारी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया। साथ ही एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।पुलिस ने अब तक 1 किलो सोना बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दूसरा कर्मचारी अब भी फरार है और उसके पास करीब 4 किलो सोना है। फरार आरोपी को भागने में मदद करने के लिए उसके साथियों ने परिवहन की व्यवस्था की थी।
पुलिस का कहना है कि दोनों कर्मचारियों की पहचान हो चुकी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।


