मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस की सर J. J. मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम ने भीड़भाड़ वाले धार्मिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक सभाओं में मोबाइल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 52 चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं और मुंबई शहर के 16 मामलों का खुलासा किया है।


पुलिस के अनुसार 26 फरवरी 2026 को बोहरी मोहल्ला, भेंडी बाजार इलाके में एक युवक का मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता इफ्तार के सामान की खरीदारी के लिए बाजार गया था, तभी अज्ञात चोरों ने उसकी जेब से रेडमी 11टी मोबाइल चोरी कर लिया। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 152/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान अपराध प्रकटीकरण अधिकारी और उनकी टीम ने लगातार तीन दिनों तक बोहरी मोहल्ला, नल बाजार, मस्तान तालाब सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे वेश में निगरानी की। 2 मार्च 2026 को मस्तान तालाब क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने कुर्ला रेलवे स्टेशन से गिरोह के पांच अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मुंबई में अलग-अलग जगहों पर कमरे किराए पर लेकर रहते थे और धार्मिक त्योहारों, राजनीतिक सभाओं तथा अन्य भीड़भाड़ वाले आयोजनों में जेब से मोबाइल चोरी करते थे। चोरी किए गए मोबाइल बाद में नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों में अपने संपर्कों के जरिए बेच दिए जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में साकिब अशफाक खान (30), सरताज सरफराज शेख (27), आमिर आबिद खान (41), इस्तियाक सादिक खान (37), गोहर गुलाम जिलानी (48) और अफजल उस्मान नाई (35) शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


