मुंबई वार्ता संवाददाता

अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौता होने के बाद से भारत में सभी कृषि उपज के दाम गिर गए हैं। फलों के दाम भी गिरने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों के इस नुकसान के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार जिम्मेदार है। नरेंद्र मोदी अमेरिका के सामने सरेंडर हो गए हैं और उन्होंने देश को बेचने के लिए निकाल दिया है, ऐसी कड़ी आलोचना करते हुए मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने, सरकार को जगाने तथा किसान, खेत मजदूर, महिलाएं, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोगों की पीड़ा सरकार तक पहुंचाने के लिए किसान संघर्ष पदयात्रा निकाली गई है, ऐसा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।


किसानों के सवालों को लेकर आज कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में कलमनुरी से हिंगोली तक किसान संघर्ष पदयात्रा निकाली गई। सुबह पूर्व सांसद स्वर्गीय राजीव सातव की स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर पदयात्रा की शुरुआत की गई।


इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन नाईक, ओबीसी विभाग के प्रदेशाध्यक्ष प्रो. यशपाल भिंगे, एससी सेल के प्रदेशाध्यक्ष सिद्धार्थ हत्तीअंबिरे, प्रदेश महासचिव साहेबराव कांबले, डॉ. सतीश पाचपुते, सुरेंद्र घोडजकर, मुजाहिद पठान, आरिज बेग, हिंगोली कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश अप्पा सराफ सहित स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।


इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि वर्धा से गोवा तक प्रस्तावित शक्तिपीठ महामार्ग किसी के भी हित के लिए नहीं है, बल्कि गडचिरोली के खनिजों को विदेश भेजने के लिए मध्य भारत से समुद्र तट तक परिवहन आसान बनाने के उद्देश्य से यह महामार्ग बनाया जा रहा है। यह महामार्ग पूंजीपतियों के लिए बिछाया गया रेड कार्पेट है। इस महामार्ग से किसानों को कोई फायदा नहीं होगा और सरकार को किसानों से कोई सरोकार नहीं है। ठेकेदारों के बिल बकाया हैं, कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं, ‘लाडकी बहिन’ योजना के तहत 2100 रुपये देने के लिए भी सरकार के पास पैसे नहीं हैं। ऐसी स्थिति में सरकार अपने चहेते पूंजीपतियों के लिए 88 हजार करोड़ रुपये का शक्तिपीठ महामार्ग बना रही है, जो दिवालियापन का संकेत है। राज्य की भाजपा-महायुति सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी दिखाई दे रही है, ऐसा भी हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।
अमेरिका की कठपुतली नहीं बनना चाहिए…खाड़ी युद्ध के कारण एलपीजी गैस महंगी होने के सवाल पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब कच्चे तेल या गैस की कीमतें कम होती हैं तो सरकार उसका फायदा ग्राहकों को नहीं देती, लेकिन जैसे ही कमी पैदा होती है, हंगामा कर कीमतें बढ़ा दी जाती हैं, जिसका बोझ आम जनता पर पड़ता है। युद्ध के कारण बनी आपात जैसी स्थिति से निपटने में मोदी सरकार विफल रही है। सरकार के पास कोई योजना नहीं है, न ही स्पष्ट अंतरराष्ट्रीय नीति या रणनीति है। केंद्र सरकार को आंखें खोलकर देखना चाहिए, संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए और विपक्ष से बातचीत करनी चाहिए।
अमेरिका की कठपुतली नहीं बनना चाहिए, बल्कि देश को स्वाभिमान के साथ खड़ा रहना चाहिए। पूरी जनता उनके साथ खड़ी रहेगी, ऐसा भी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा।कलमनुरी से हिंगोली किसान संघर्ष पदयात्रा का समापन एक जनसभा के साथ हुआ।


