मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र विधानसभा परिसर के बाहर बुधवार को एक युवक ने आत्मदहन करने का प्रयास किया, जिससे वहां कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। युवक ने अपने ऊपर रॉकेल (केरोसिन) डालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता और तत्परता के कारण बड़ा अनर्थ टल गया।


जानकारी के अनुसार, घटना मुंबई स्थित विधान भवन के बाहर की है। युवक अचानक वहां पहुंचा और अपने ऊपर रॉकेल डाल लिया। इससे पहले कि वह खुद को आग लगा पाता, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे पकड़ लिया और आत्मदहन की कोशिश को नाकाम कर दिया।पुलिस ने युवक को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक किसी निजी समस्या या शिकायत के चलते यह कदम उठाने की कोशिश कर रहा था।घटना के बाद विधान भवन परिसर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक ने इतना बड़ा कदम उठाने की कोशिश क्यों की।


