■ छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर उठी आवाज।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में स्थित नायर डेंटल कॉलेज के छात्रावास की बदहाल स्थिति को लेकर बड़ा मुद्दा सामने आया है। छात्रावास में फैली अत्यधिक गंदगी और अमानवीय हालात को लेकर मामला सभागार में उठाए जाने के बाद संबंधित प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। इस बात की जानकारी भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने दी है।


विधायक संजय उपाध्याय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान हॉस्टल में चारों ओर गंदगी, कचरे के ढेर, बदहाल शौचालय और तेज दुर्गंध जैसी गंभीर समस्याएं सामने आईं। इन परिस्थितियों के कारण छात्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और मानवीय गरिमा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।


उन्होंने यह भी बताया कि यह मामला सिर्फ साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा, मानसिक तनाव और छात्रों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।इस गंभीर स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।


इस मौके पर ‘बोरिवली पैटर्न’ के तहत अन्याय के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए छात्रों को न्याय दिलाने की बात कही गई।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष हरीश भांगिर्दे, सदस्य रोहिदास लोखंडे, नगरसेविका डॉ. शिल्पा सांगोरे, जिग्नाशा शाह, सीमा शिंदे, मंडल अध्यक्ष नैनेश शाह और संयोजक दिनेश झाला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


