मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए Brihanmumbai Electric Supply and Transport (बेस्ट) ने इलेक्ट्रिक बसों के साथ-साथ अब एक बार फिर सीएनजी बसों पर फोकस बढ़ाने का फैसला किया है।


यात्रियों की बढ़ती मांग और शहर के विभिन्न हिस्सों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बेस्ट 500 नई मिडी बसें (9 मीटर लंबी) खरीदेगा।
इनमें से 315 बसें विशेष रूप से मेट्रो स्टेशनों से लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को मेट्रो से उतरने के बाद अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। वहीं 185 बसें उन इलाकों में चलाई जाएंगी जहां सड़कें संकरी हैं और बड़ी बसों का संचालन कठिन होता है। ये बसें विशेष रूप से विक्रोली, भांडुप, कांजुर और कुर्ला जैसे क्षेत्रों में संचालित की जाएंगी।
गौरतलब है कि वर्तमान में बेस्ट के पास अपनी एक भी मिडी बस नहीं है। केवल 36 तेजस्विनी बसें हैं, जो पहले महिलाओं के लिए आरक्षित थीं, लेकिन अब सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध हैं। वेट लीज पर ली गई बसों में भी सिर्फ 615 मिडी बसें शामिल हैं।
मंगलवार को हुई बैठक में यह भी चर्चा हुई कि पहले मुंबई में ओपन डबल डेकर बसें चलाई जाती थीं, जिनका उपयोग पर्यटन, जन्मदिन पार्टियों और शूटिंग के लिए होता था, जिससे बेस्ट को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होता था। वर्तमान में ऐसी बसें उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए बेस्ट ने भविष्य में 11 ओपन डबल डेकर बसें खरीदने का निर्णय लिया है। पिछले कुछ वर्षों में बेस्ट ने इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में भी लगातार वृद्धि की है।


