मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में भारतीय जनता पार्टी के अंदर से एक बड़ी खबर सामने आई है। पार्टी नेतृत्व ने साफ संदेश दिया है कि जो पार्षद पार्टी अनुशासन का पालन नहीं करेंगे, उनके लिए फंड आवंटन पर भी पुनर्विचार किया जा सकता है।


मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने महापालिका बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पार्षदों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण प्रस्तावों के दौरान गैरहाजिरी बेहद गंभीर मामला है और आगे से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


अमित साटम ने यह भी कहा कि मुंबईकरों ने बड़ी उम्मीदों के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है, इसलिए उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना जरूरी है। इस मुद्दे पर ऑनलाइन बैठक के जरिए पार्षदों की क्लास भी ली गई।
वहीं, महापौर रितू तावडे ने भी पार्षदों की उपस्थिति को अनिवार्य बताते हुए कहा कि अनुपस्थित रहने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने पूछा कि व्हिप जारी होने के बावजूद पार्षद क्यों नहीं आए। साथ ही विपक्ष को भी चेतावनी देते हुए कहा कि एक प्रस्ताव खारिज होना अंत नहीं है, आगे और भी कई मुद्दे सामने आएंगे।
इसके अलावा, नाले सफाई अभियान को लेकर भी महापौर ने जानकारी दी। महाराष्ट्र दिवस और बजट सत्र के बाद अब सफाई कार्य शुरू कर दिया गया है। माहुल नाले से निरीक्षण की शुरुआत की गई, जहां काम सबसे कम पाया गया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि ठेकेदार ने काम की जगह पर CCTV नहीं लगाए थे, जिस पर तुरंत CCTV लगाने और उसकी लिंक स्थानीय पार्षदों को देने के निर्देश दिए गए। साथ ही हर 30 सेकंड के वीडियो रिकॉर्ड करने के आदेश भी दिए गए हैं, ताकि काम की निगरानी बेहतर तरीके से हो सके।


