मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के खार पश्चिम इलाके में लिंकिंग रोड पर हुए दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय लड़की की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा 10 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे हुआ था।


जानकारी के मुताबिक, लिंकिंग रोड स्थित राजकुमार ज्वेलर्स के पास एक निजी परिसर में खड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ गिरने की चपेट में एक ऑटो-रिक्शा आ गया, जिसमें दो लड़कियां सवार थीं। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया गया है कि पेड़ ब्लू स्टोन बिल्डर के परिसर से गिरा था। अस्पताल से 17 मई 2026 सुबह 10:27 बजे प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय एरिका श्रीवास्तव को 17 मई की सुबह 6:05 बजे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं 21 वर्षीय हर्षिता कुमार ICU में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस स्टेशन द्वारा दी गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।


