श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के गोरेगांव पूर्व स्थित आरे कॉलोनी में सीरियल हाउस थेफ्ट के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे पुलिस उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को दबोच लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय स्टालिन चार्ल्स कोडर के रूप में हुई है। वह आरे कॉलोनी के एकता नगर, यूनिट नंबर 32 का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी आदतन अपराधी है और हाल ही में जेल से छूटने के बाद फिर चोरी की वारदातों में सक्रिय हो गया था। उस पर घरों में चोरी कर सोने के आभूषण चुराने के दो ताजा मामलों में वांछित होने का आरोप है।
■ सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई थीं। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस ने जाल बिछाया। ऑपरेशन का नेतृत्व पीएसआई सचिन पांचाल और क्राइम डिटेक्शन टीम ने किया।
पुलिस ने फिल्म सिटी के बैक गेट और आरे कॉलोनी के पास चेक पोस्ट लगाकर आरोपी की निगरानी शुरू की। देर रात जैसे ही आरोपी इलाके में पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की।
■ गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर हमला
पुलिस के अनुसार, पीएसआई सचिन पांचाल ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने अचानक तेज धार वाला ब्लेड निकाल लिया और पुलिसकर्मियों पर हमला शुरू कर दिया। आरोपी को काबू करने के दौरान पीएसआई पांचाल, पुलिस नाइक यशवंत महाले और पुलिस हवलदार गणेश पाटिल के हाथों में चोटें आईं।
इस बीच अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी को घेरकर काबू में कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी का विरोध करते समय आरोपी खुद भी ब्लेड से घायल हो गया।
घायल पुलिसकर्मियों और आरोपी को इलाज के लिए ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद आरोपी को बोरीवली मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। मामले में पुलिस नाइक यशवंत महाले की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।


