श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

महाराष्ट्र में ऊर्जा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश का रास्ता साफ हो गया है। विभिन्न प्रमुख कंपनियां राज्य में कुल 6 लाख 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेंगी, जिससे 25 हजार 400 मेगावॉट बिजली उत्पादन क्षमता विकसित होगी। साथ ही प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 1 लाख 23 हजार 500 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।


अदानी पावर लिमिटेड राज्य में 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस निवेश से 6 हजार मेगावॉट ऊर्जा उत्पादन होगा तथा करीब 12 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना के माध्यम से 7 हजार 200 मेगावॉट ऊर्जा उत्पादन किया जाएगा और एक लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध होने की संभावना है।
इसके अलावा एनटीपीसी लिमिटेड राज्य में 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस निवेश से 7 हजार 200 मेगावॉट बिजली उत्पादन क्षमता विकसित होगी तथा लगभग 5 हजार रोजगार सृजित होंगे।
ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड, जो बजाज उद्योग समूह की कंपनी है, राज्य में 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना से 5 हजार मेगावॉट ऊर्जा उत्पादन होगा और करीब 3 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
इन सभी परियोजनाओं के जरिए महाराष्ट्र में ऊर्जा क्षेत्र को बड़ी मजबूती मिलने के साथ औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।


