मुंबई वार्ता संवाददाता

मध्य प्रदेश के खजुराहो में मुंबई पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 12 मामलों में फरार चल रहे एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को खजुराहो के एक होटल से दबोचा गया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्माइल शेख मस्तान के रूप में हुई है, जो मुंबई के शिवाजी नगर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस को आरोपी की लोकेशन खजुराहो स्थित होटल सारांश में मिली थी। इसके बाद मुंबई पुलिस की छह सदस्यीय टीम खजुराहो पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से होटल की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कई दिनों से होटल में छिपकर रह रहा था।
मुंबई पुलिस ने आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी छापेमारी की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी यूपी ट्रांजिट के बाद खजुराहो पहुंचा और वहां होटल में शरण ली।
छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मुंबई पुलिस की टीम खजुराहो आई थी और स्थानीय पुलिस के सहयोग से एनडीपीएस एक्ट के 12 मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है।


