मुंबई वार्ता संवाददाता

बोरीवली विधानसभा से भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने बुधवार को बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे से मुलाकात कर बोरीवली क्षेत्र की नागरिक समस्याओं, जनसुविधाओं और लंबित विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मेट्रो सेवा, अतिक्रमण, कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के शोषण और अवैध गतिविधियों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। बीएमसी आयुक्त ने विभिन्न मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


■ गुन्दवली-डीएन नगर मेट्रो सेवा फिर शुरू करने की मांग
विधायक संजय उपाध्याय ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुन्दवली से डीएन नगर और डीएन नगर से गुन्दवली तक सीधी मेट्रो सेवा दोबारा शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों यात्रियों को बदलकर यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय और असुविधा दोनों बढ़ रहे हैं। सीधी सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।


■ कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के शोषण का मुद्दा उठाया
उपाध्याय ने बीएमसी के विभिन्न विभागों में कार्यरत कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को कम वेतन दिए जाने और ईएसआईसी व पीएफ जैसी सुविधाओं से वंचित रखने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई ठेकेदार कर्मचारियों के अधिकारों का हनन कर रहे हैं। ऐसे ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
■ अतिक्रमण और बढ़ते अपराध पर जताई चिंता
बोरीवली मेट्रो स्टेशन और लिंक रोड के आसपास बढ़ते अतिक्रमण पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फुटपाथों, मैदानों और सड़कों पर अवैध कब्जों के कारण आम नागरिकों को परेशानी हो रही है। साथ ही महिलाओं और छात्राओं के साथ छेड़छाड़, चोरी और चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
■ 8 जून को उपोषण की चेतावनी
संजय उपाध्याय ने स्पष्ट कहा कि यदि 7 जून तक अवैध अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो वे 8 जून को स्थानीय नागरिकों के साथ उपोषण पर बैठेंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
■बांग्लादेशी और रोहिंग्या कामगारों की जांच की मांग
विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ कॉन्ट्रैक्टर अवैध रूप से बांग्लादेशी और रोहिंग्या कामगारों को काम पर रख रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की सघन जांच कराने और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
■ देर रात तक चलने वाले स्टॉलों पर कार्रवाई की मांग
उन्होंने बोरीवली में देर रात तक चलने वाले चाय, कॉफी, भुर्जी पाव और पावभाजी स्टॉलों पर भी कार्रवाई की मांग की। उपाध्याय के अनुसार, कई स्थानों पर इन स्टॉलों की आड़ में नशे और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने रात 11 बजे के बाद सड़क किनारे कारोबार बंद कराने की मांग रखी।
■ मानसून से पहले विकास कार्य पूरे करने की मांग
विधायक ने जल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, अस्पतालों की सुविधाएं, तालाबों के सौंदर्यीकरण और अन्य लंबित विकास कार्यों को मानसून से पहले पूरा करने की मांग की। बीएमसी आयुक्त ने सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने और जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस बैठक के दौरान नगर सेवक शिवा शेट्टी, रानी द्विवेदी, एडवोकेट सीमा शिंदे, जिग्ना शाह, श्वेता कोरगाँवकर , डॉ शिल्पा सांगोरे , बोरीवली समन्वयक दिनेश झाला, वर्षित रांका, सुरेंद्र गुप्ता, सुशील सिंह, अमित व्यास, राजीव मिश्रा उपस्थित थे।


