मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के पवई इलाके में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपने 4 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। पवई पुलिस स्टेशन को सूचना मिली थी कि गौतम नगर स्थित आदर्श विकास मंडल परिसर में रहने वाले 4 वर्षीय बालक यश राजेश सिंह की उसके पिता द्वारा हत्या कर दी गई है।


सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे के पिता राजेश प्रकाश सिंह (35 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्चे ने खाने की मांग की थी, जिस पर गुस्से में आकर आरोपी पिता ने उसका सिर दीवार पर दे मारा।
गंभीर रूप से घायल बच्चे की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की खोपड़ी (स्कल) में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है, जिससे उसकी मौत हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और इससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और दुख व्याप्त है।


