श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

साकीनाका पुलिस स्टेशन की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात के नर्मदा जिले में संचालित मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 74.97 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ, रसायन और उपकरण जब्त किए हैं।


पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को अंधेरी-घाटकोपर लिंक रोड स्थित पेनिनसुला होटल के सामने एक महिला को 101 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार महिला की पहचान मुस्कान समीर खान (26) के रूप में हुई है, जो ओला-उबर चालक के रूप में काम करती है।


पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसने यह ड्रग वजुल कमर अबुल वफा चौधरी उर्फ पप्पू (56) नामक व्यक्ति से खरीदी थी, जो मुंब्रा क्षेत्र का निवासी है। इसके बाद साकीनाका पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने तकनीकी और गोपनीय जांच के आधार पर 26 मई 2026 को आरोपी चौधरी को शिलफाटा क्षेत्र से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह गुजरात के नर्मदा जिले के वरखड़ (राजपीपला-नांदोद क्षेत्र) में किराए के मकान में मेफेड्रोन तैयार करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने गुजरात में छापा मारकर अवैध ड्रग निर्माण इकाई का भंडाफोड़ कर दिया।
■ छापे में बरामद सामग्री
पुलिस ने फैक्ट्री से निम्नलिखित सामग्री जब्त की—
● 20.040 किलोग्राम लिक्विड मेफेड्रोन (एमडी) – लगभग 74.46 करोड़ रुपये
● 26 किलोग्राम 2-Bromo-4-methylaniline रसायन
● 50 लीटर 4-Methylpropiophenone रसायन
● 20 लीटर Monomethylamine रसायन
● 13.50 लीटर Bromine रसायन
● 35 लीटर Chloroform
● तीन स्टिरर मशीनें
● दो कमर्शियल टैंक
● पांच गोलाकार फ्लास्क
● अन्य धातु उपकरण
जब्त सामग्री की कुल कीमत 74.76 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में कुल 20.141 किलोग्राम मेफेड्रोन, ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन, उपकरण तथा आरोपियों के मोबाइल फोन समेत 74.97 करोड़ रुपये मूल्य का माल बरामद किया जा चुका है। मामले की जांच की जा रही है।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) मनोज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त (जोन-10) दत्ता नलावडे, सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप मैराले, साकीनाका पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील यादव, प्रभारी पुलिस निरीक्षक सपना क्षीरसागर के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई पुलिस निरीक्षक दीपक गिरमे, सहायक पुलिस निरीक्षक दयानंद वडवे , पुलिस उपनिरीक्षक पंकज परदेशी, पुलिस हवलदार शशिकांत पाटिल, चंद्रकांत पवार, नितिन खैरमोडे, सिपाही अनिल करांडे एवं टीम ने की है।


