मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबईकरों के लिए बुधवार की सुबह राहतभरी रही। पिछले कई दिनों से बढ़ी गर्मी और उमस से परेशान लोगों को आज सुबह हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। सुबह अचानक आसमान में बादल छा गए और मुंबई के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।


उपनगरीय क्षेत्रों दहिसर, बोरीवली, कांदिवली, मालाड और गोरेगांव में सुबह से ही बारिश की फुहारें पड़ने लगीं। कुछ ही मिनटों में मौसम ने करवट ली और कई जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को उमस से राहत मिली।
बारिश सिर्फ उपनगरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि दक्षिण मुंबई और मध्य मुंबई के कई इलाकों में भी इसका असर देखने को मिला। दादर, प्रभादेवी, लालबाग और कुर्ला समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई। खासकर कुर्ला में तेज बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर मेघगर्जना के साथ बारिश हुई, जबकि सड़कों पर पानी जमा होने की शुरुआती स्थिति भी देखने को मिली।
इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई थी। विभाग ने मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर और कोंकण क्षेत्र के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य इलाकों में भी बिजली चमकने और बारिश की संभावना बनी हुई है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंचने की दहलीज पर है, लेकिन महाराष्ट्र में आधिकारिक प्रवेश से पहले ही राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई है। इसके चलते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है और गर्मी का असर कम हुआ है।
मुंबई के साथ-साथ पालघर जिले में भी तड़के से अच्छी बारिश हुई। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में काले बादल छाए रहे, जिससे किसानों और आम नागरिकों दोनों को राहत मिली है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मुंबई, कोंकण तट और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। अगले सप्ताह तक मानसून के और सक्रिय होने के साथ बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है।


