मुंबई वार्ता संवाददाता

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुंबई की महापौर श्रीमती रितु तावड़े ने भायखला स्थित वीरमाता जिजाबाई भोसले उद्यान एवं प्राणिसंग्रहालय में पर्यावरण अनुकूल बैटरी चालित ई-बग्गी सेवा का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने महापौर निवास परिसर में सफेद चाफा (चंपा) का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


इस अवसर पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका के उप आयुक्त (उद्यान) अजितकुमार आंबी, प्राणिसंग्रहालय के निदेशक डॉ. संजय त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्राणिसंग्रहालय में बैटरी से चलने वाली चार ई-बग्गियां उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक ई-बग्गी में नौ यात्रियों के बैठने की क्षमता है। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, छोटे बच्चों और चलने-फिरने में कठिनाई महसूस करने वाले लोगों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
इसके साथ ही बच्चों के लिए 15 सीटों वाली डबल डेकर बस सेवा का भी उद्घाटन किया गया। दिव्यांगजनों के लिए यह सेवा निःशुल्क रहेगी, जबकि अन्य पर्यटक इसे नाममात्र शुल्क देकर उपयोग कर सकेंगे।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्राणिसंग्रहालय में लोहे के बैरिकेड्स के बजाय बांस से बने पर्यावरण-अनुकूल बैरिकेड्स भी तैयार किए गए हैं। इनका भी लोकार्पण महापौर के हाथों किया गया।
महानगरपालिका के अनुसार, इन नई सुविधाओं से प्राणिसंग्रहालय आने वाले पर्यटकों का अनुभव अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण हितैषी बनेगा। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में मुंबई महानगरपालिका द्वारा हरित पहल और सतत विकास को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न पर्यावरणीय कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।


