मुंबई वार्ता संवाददाता

पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुंबई के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद Varsha Gaikwad के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता बढ़ी हुई ईंधन कीमतों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।


कांग्रेस का आरोप है कि ईरान-इजराइल युद्ध की आड़ में केंद्र की भाजपा सरकार आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पिछले 10-12 दिनों से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। कांग्रेस ने पेट्रोल कंपनियों के मुनाफे के लिए जनता को परेशान करने का आरोप लगाते हुए पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की है।


इसी क्रम में चारकोप विधानसभा क्षेत्र में “जनता की लूट बंद करो, पेट्रोल-डीजल-सीएनजी की कीमतें वापस लो” की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह आंदोलन पूर्व मंत्री और विधायक Aslam Shaikh के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष राजपती यादव, मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता एवं मीडिया समन्वयक सुरेशचंद्र राजहंस, स्लम सेल के अध्यक्ष नीलेश नानचे, नगरसेविका डॉ. अजंता यादव, पूर्व नगरसेविका शीतल म्हात्रे, स्लम सेल के जिला अध्यक्ष फारुख शेख सहित अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


