कौशल विनोद पाठक/मुंबई वार्ता

अंधेरी पश्चिम स्थित श्री कृष्ण मंदिर परिसर में आगामी 20 जून से 22 जून 2026 तक आयोजित होने जा रहे श्री नारायण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। नारायणीय पारायण सत्संगम समिति द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव में विभिन्न वैदिक अनुष्ठान, हवन, अभिषेक एवं विशेष पूजन कार्यक्रम संपन्न होंगे।
आयोजकों के अनुसार, 20 जून को प्रातः 5:30 बजे महागणपति होमम् के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात सुबह 9 बजे सामूहिक ललिता सहस्रनाम अर्चना का आयोजन किया जाएगा। सायंकाल आचार्य वरणम् एवं शुद्धि क्रियाकलापों के साथ प्रथम दिवस के कार्यक्रम संपन्न होंगे।


21 जून को प्रातःकाल पुनः महागणपति होमम्, चतुःशुद्धि, पंचकलश पूजन, पाणि तथा सुकृत होमम् जैसे महत्वपूर्ण वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। शाम के सत्र में त्र्यम्बक पूजा एवं ब्रह्म कलश पूजा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।महोत्सव के अंतिम दिन 22 जून को प्रतिष्ठा दिवस मनाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रातः 5:30 बजे अष्ट द्रव्य महागणपति होमम्, कलश पूजन, कलशाभिषेक एवं विशेष अभिषेक विधियां संपन्न होंगी। सायंकाल 6:30 बजे पुष्पाभिषेकम् के साथ तीन दिवसीय आयोजन का समापन होगा।धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस आयोजन में मुंबई तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता कर भगवान श्री नारायण का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।इस महोत्सव का उद्देश्य सनातन संस्कृति, वैदिक परंपराओं एवं आध्यात्मिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना तथा समाज में धार्मिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।— कौशल विनोद पाठकविशेष संवाददाता


