मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के नए शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ सोमवार को भायखला (पूर्व) स्थित बीएमसी स्कूल परिसर में प्रवेशोत्सव और शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने महानगरपालिका द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को सराहनीय और गर्व का विषय बताया।


राज्यपाल ने कहा कि स्कूल केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और उनके सपनों को दिशा देने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में आज के विद्यार्थी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, इसलिए उनके सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।


कार्यक्रम में राज्यपाल के हाथों विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से 27 प्रकार की शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। बच्चों का स्वागत गुलाब के फूल और चॉकलेट देकर किया गया तथा राज्यपाल ने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया। उन्होंने स्कूल की कक्षाओं का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर शिक्षा समिति की अध्यक्ष राजेश्री शिरवाड़कर, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अविनाश ढाकणे, उप आयुक्त (शिक्षा) डॉ. प्राची जांभेकर समेत कई अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और अभिभावक उपस्थित थे।
बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने कहा कि महानगरपालिका आठ भाषाओं में शिक्षा उपलब्ध करा रही है और प्रत्येक विद्यार्थी को मुफ्त शैक्षणिक सामग्री प्रदान की जाती है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बीएमसी स्कूलों में 35 हजार नए विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे नए क्षेत्रों की चुनौतियों का सामना करने के लिए महानगरपालिका के विद्यार्थी पूरी तरह तैयार हैं।
शिक्षा समिति की अध्यक्ष राजेश्री शिरवाड़कर ने कहा कि बीएमसी स्कूलों पर अभिभावकों का बढ़ता विश्वास ही विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि का प्रमुख कारण है।
घाटकोपर में आशिष शेलार और महापौर रितु तावड़े ने किया विद्यार्थियों का स्वागत
इसी क्रम में घाटकोपर (पूर्व) स्थित पंतनगर महानगरपालिका स्कूल परिसर क्रमांक-3 में भी प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा मुंबई उपनगर के पालकमंत्री आशिष शेलार, मुंबई की महापौर रितु तावड़े, विधायक पराग शाह और नगरसेविका राखी जाधव की उपस्थिति में विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। इस दौरान छात्रों को विभिन्न शैक्षणिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।


