श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने इस वर्ष ‘MyBMC MARG’ (Complaint Management and Redressal System) नामक एकीकृत शिकायत प्रबंधन प्रणाली शुरू की है। अब नागरिक सड़क पर बने गड्ढों की शिकायत भी इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे और उस पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।


मानसून के दौरान सड़कों पर गड्ढे बनने की समस्या को देखते हुए बीएमसी ने शिकायत प्रक्रिया को अधिक आसान और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल माध्यम को अपनाया है। पिछले वर्ष सड़क के गड्ढों से संबंधित शिकायतों के लिए ‘Pothole QuickFix’ नामक अलग मोबाइल ऐप शुरू किया गया था, जिसे नागरिकों से अच्छा प्रतिसाद मिला था। इस ऐप के माध्यम से लोग गड्ढों की तस्वीर और लोकेशन के साथ शिकायत दर्ज कर सकते थे।


अब बीएमसी ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों के लिए अलग-अलग प्रणालियों के बजाय एक ही मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘MyBMC MARG’ प्रणाली विकसित की है। इसमें ‘Pothole QuickFix’ ऐप को भी शामिल कर लिया गया है। इसके जरिए सड़क के गड्ढे, ठोस कचरा प्रबंधन, सीवरेज, जलापूर्ति, सड़क रखरखाव, उद्यान, सार्वजनिक स्वास्थ्य, कीट नियंत्रण, अतिक्रमण और प्रकाश व्यवस्था समेत कुल 114 प्रकार की शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं।
इस प्रणाली की विशेषता यह है कि नागरिक एक ही मंच पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं, उससे संबंधित तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं, शिकायत की वर्तमान स्थिति देख सकते हैं, संबंधित विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई पर नजर रख सकते हैं और शिकायत के समाधान की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इससे शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके निवारण तक की पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बन गई है।
बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क के गड्ढों से संबंधित शिकायत दर्ज करते समय गड्ढे की स्पष्ट तस्वीर, सटीक स्थान और आवश्यक जानकारी अवश्य उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई कर सके और मरम्मत कार्य में तेजी लाई जा सके।
एंड्रॉइड और आईफोन उपयोगकर्ता अपने स्मार्टफोन में MyBMC MARG ऐप डाउनलोड कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। महानगरपालिका ने मुंबईकरों से आग्रह किया है कि सड़क के गड्ढों से जुड़ी सभी शिकायतें अब इसी प्रणाली के माध्यम से दर्ज करें।


