श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई शहर और उपनगरों में बारिश के दौरान खुले अथवा क्षतिग्रस्त मैनहोल नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। इसे देखते हुए मुंबई के उपमहापौर संजय घाडी ने महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे को पत्र लिखकर जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों के मैनहोल का सर्वेक्षण कर उन पर मजबूत और उच्च गुणवत्ता वाली सुरक्षा जालियां लगाने की मांग की है।


अपने पत्र में संजय घाडी ने कहा है कि भारी बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भर जाने से मैनहोल दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा मैनहोल में प्लास्टिक और अन्य कचरा फंसने से जल निकासी व्यवस्था बाधित होती है, जिसके कारण पानी निकलने में देरी होती है और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने का खतरा बढ़ जाता है।


उन्होंने मांग की है कि मुंबई शहर और उपनगरों में स्थित स्कूलों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों तथा उन सभी क्षेत्रों में, जहां बारिश के दौरान पानी जमा होने की संभावना रहती है, वहां के मैनहोल का विशेष सर्वेक्षण किया जाए। साथ ही इन मैनहोल पर टिकाऊ और बेहतर गुणवत्ता वाली संरक्षित जालियां लगाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
उपमहापौर संजय घाडी का कहना है कि इस कदम से न केवल नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि बारिश के मौसम में जल निकासी व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।


