मुंबई वार्ता संवाददाता

पुणे जिले के राजगढ़ तालुका स्थित पाबे घाट में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में मुंबई के दो युवाओं की मौत हो गई, जबकि बस चालक समेत 18 लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 1 बजे उस समय हुआ, जब चालक का बस से नियंत्रण हट गया और निजी बस सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी।


मृतकों की पहचान विश्वास बाबूराव सातिम (25), निवासी नेहरू नगर, विले पार्ले और ध्वनि चंद्रेश ठक्कर (23), निवासी कांदिवली के रूप में हुई है। घायलों में नौ महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज वेल्हे ग्रामीण अस्पताल तथा पुणे के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घायल मुंबई के अंधेरी, नालासोपारा, चुनाभट्टी, मानखुर्द, भांडुप, विले पार्ले, डोंबिवली, विरार, गावदेवी, जोगेश्वरी, संतोष नगर और महात्मा गांधी नगर के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता गिरीश रविंद्र जंगम अपने 19 सहकर्मियों के साथ अंधेरी स्थित एक ज्वेलरी कंपनी से शनिवार शाम करीब 7:30 बजे निजी बस से राजगढ़ किले की सैर के लिए निकले थे। पाबे घाट के एक तीखे मोड़ पर चालक संदीप तुकाराम गायकवाड़ (47) का बस पर नियंत्रण खो गया और बस खाई में गिर गई। हालांकि बस एक पेड़ में अटक गई, जिससे और बड़ा हादसा टल गया।
बस पलटने से सभी यात्री सीटों के नीचे फंस गए। घटना के तुरंत बाद 112 पर सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से रात के अंधेरे में बचाव अभियान चलाया गया। बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विश्वास सातिम और ध्वनि ठक्कर को मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में वेल्हे पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक संदीप तुकाराम गायकवाड़ के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


