मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में सोमवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सबसे अधिक प्रभावित अंधेरी सबवे रहा, जहां भारी मात्रा में पानी भर जाने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र इसे वाहनों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया।


बारिश के कारण अंधेरी, मलाड, मुलुंड, हिंदमाता और किंग्स सर्किल सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे सुबह के समय यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर निगम (बीएमसी) की टीमें जलनिकासी का काम लगातार करती रहीं। पानी का स्तर कम होने तक अंधेरी सबवे को बंद रखा गया और नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।


