श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। रोड नंबर-11 स्थित हेरिटेज प्राइड के पास सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक उखड़कर यूनिवर्सल हाई स्कूल की स्कूल बस पर गिर गया। हादसे में बस में सवार 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चे घायल हो गए।


यह घटना दोपहर 2:58 बजे बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) को सूचना मिलने के बाद सामने आई। दुर्घटना के समय यूनिवर्सल हाई स्कूल की मेक फोर्स कंपनी की स्कूल बस (पंजीकरण संख्या MH03/CV-7439) वहां से गुजर रही थी। तभी सड़क किनारे खड़ा पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर बस पर आ गिरा।
हादसे के तुरंत बाद बस के परिचालक (कंडक्टर) और स्थानीय नागरिकों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे सभी 12 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें से चार छात्रों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
सभी घायलों को तत्काल ज़ेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के ड्यूटी मेडिकल अधिकारी के अनुसार, इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव को शाम 4:23 बजे मृत घोषित कर दिया गया। अन्य चार बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड और अन्य संबंधित एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाने और सड़क को सामान्य करने का कार्य किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


