श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मुंबई शहर और उपनगरों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन – SIR) का कार्य शुरू हो गया है। इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिड़े ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग करने की अपील की है।


मंगलवार को बीएमसी मुख्यालय में अश्विनी भिड़े की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया, समय-सारिणी और कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी गई तथा राजनीतिक दलों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी की गई।


अश्विनी भिड़े ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं से अनुरोध किया गया है कि वे बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न हो।
उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपील की कि वे बीएलओ के घर-घर सत्यापन अभियान में सहयोग करें, जिससे अधिक से अधिक मतदाताओं का सत्यापन समय पर पूरा किया जा सके।
बैठक में उपमहापौर संजय घाड़ी, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त एवं अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारियों सहित मुंबई शहर और उपनगर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


