मुंबई वार्ता संवाददाता

पालघर जिले और पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र में लगातार हो रही भारी से अति भारी बारिश के बीच मुंबई विश्वविद्यालय ने गुरुवार, 2 जुलाई को आयोजित होने वाली अपनी सभी परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। यह निर्णय पालघर के जिलाधिकारी और पनवेल महानगरपालिका आयुक्त द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किए जाने के बाद विश्वविद्यालय के परीक्षा एवं मूल्यांकन मंडल ने लिया।


विश्वविद्यालय ने बताया कि पालघर और पनवेल क्षेत्र में मूसलाधार बारिश, जलभराव, यातायात प्रभावित होने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए आज निर्धारित सभी परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। इन परीक्षाओं की नई तारीख और संशोधित समय-सारिणी जल्द ही मुंबई विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित महाविद्यालयों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी केवल विश्वविद्यालय की वेबसाइट से ही प्राप्त करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) की भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र पालघर जिले में सभी माध्यमों के स्कूलों और कॉलेजों में आज अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
वहीं, रायगढ़ जिले के जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार अलीबाग, पनवेल, उरण, श्रीवर्धन, म्हसला, तला और पोलादपुर तहसीलों के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र भी गुरुवार को बंद रहेंगे। लगातार हो रही बारिश, मौसम विभाग के अलर्ट और स्थानीय प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और मौसम संबंधी ताज़ा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की है।


