मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के प्रशासन और विकास कार्यों में अब युवाओं की प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बीएमसी सदन ने सोमवार को पार्षद एवं स्थायी समिति सदस्य तेजिंदरसिंह सतनामसिंह तिवाना द्वारा प्रस्तुत ‘महापौर Gen Next Civic Fellows’ योजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।


इस योजना के तहत मुंबई के युवाओं को शहरी प्रशासन, विकास कार्यों और नीति-निर्माण प्रक्रिया से जोड़ते हुए नागरिक समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।


प्रस्ताव के अनुसार, शुरुआती छह महीने के पायलट प्रोजेक्ट में बीएमसी के 10 चयनित प्रशासनिक वार्डों में 50 युवाओं को ‘Gen Next Civic Fellows’ के रूप में नियुक्त किया जाएगा। ये फेलोज़ शहर की सड़कों के गड्ढों, कचरा प्रबंधन, जलभराव, सार्वजनिक परिवहन, बुनियादी सुविधाओं और अन्य नागरिक सेवाओं का निरीक्षण करेंगे तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को नियमित डिजिटल रिपोर्ट भेजेंगे।
योजना के तहत चयनित युवाओं को बीएमसी की ओर से प्रशिक्षण, मासिक मानदेय और प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। यदि पायलट परियोजना सफल रहती है तो इस योजना का विस्तार कर 200 Gen Next Civic Fellows तक किया जाएगा और इसे चरणबद्ध तरीके से मुंबई के सभी प्रशासनिक वार्डों में लागू किया जाएगा।
बीएमसी सदन ने प्रशासन को इस योजना के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय सीमा में लागू करने के निर्देश दिए हैं।
पार्षद तेजिंदरसिंह तिवाना ने कहा कि मुंबई के विकास में युवाओं की ऊर्जा, तकनीकी कौशल और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘महापौर Gen Next Civic Fellows’ योजना युवाओं और महानगरपालिका प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगी, जिससे प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।


