मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर कस्टम विभाग ने वन्यजीव तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए दो भारतीय यात्रियों को दो जीवित लीमर (Lemur) के साथ पकड़ा है। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।


जानकारी के अनुसार, दोनों यात्री इथियोपियन एयरलाइंस की उड़ान से यात्रा कर रहे थे। एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने संदेह के आधार पर उनकी जांच की, जिसमें उनके सामान से दो जीवित लीमर बरामद हुए। दोनों जानवरों को बैग में छिपाकर तस्करी की जा रही थी।बरामदगी के बाद वन्यजीव संरक्षण संस्था RAWW (Resqink Association for Wildlife Welfare) के विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। टीम ने जानवरों की पहचान की और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए प्राथमिक देखभाल उपलब्ध कराई।


इसके बाद वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत दोनों लीमर को तत्काल उस देश वापस भेजने के निर्देश दिए, जहां से उन्हें लाया गया था, ताकि उनके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जा सके।अधिकारियों के अनुसार, दोनों लीमर का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और उन्हें यात्रा के लिए पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने के बाद जब्ती के 24 घंटे के भीतर सुरक्षित रूप से वापस भेज दिया गया।
इस पूरे अभियान को मुंबई कस्टम, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो और वन्यजीव बचाव विशेषज्ञों के समन्वय से सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। मामले में वन्यजीव तस्करी के प्रयास की जांच जारी है।


