मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खोपोली स्थित ऐतिहासिक श्री विश्वेश्वर (विरेश्वर) मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मंदिर से भगवान शिव के शिवलिंग पर चढ़ा लगभग 17 किलोग्राम वजनी चांदी का मुखौटा और चांदी का आवरण चोरी कर लिया था।


पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात 19 जुलाई की रात करीब 2 बजे हुई थी। आरोपी मंदिर के पिछले हिस्से से अंदर घुसे और गर्भगृह में स्थापित शिवलिंग पर लगे चांदी के मुखौटे तथा चांदी के आवरण को निकालकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से चारों आरोपियों की पहचान की। मंगलवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब चोरी किए गए चांदी के सामान की बरामदगी और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
यह मंदिर 18वीं शताब्दी का ऐतिहासिक धार्मिक स्थल माना जाता है और स्थानीय श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है। मंदिर में हुई इस चोरी से क्षेत्र के लोगों में रोष था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।


