मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में रविवार, 2 अगस्त को मध्य रेलवे द्वारा आवश्यक इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान सेंट्रल लाइन और हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि अनेक सेवाओं को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा और कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलेंगी।


मध्य रेलवे के अनुसार, सीएसएमटी–विद्याविहार अप और डाउन फास्ट लाइन पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान फास्ट लाइन की कई ट्रेनें स्लो लाइन पर डायवर्ट की जाएंगी और अपने निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए चलेंगी। ब्लॉक समाप्त होने के बाद ट्रेनें फिर से सामान्य परिचालन पर लौटेंगी।
वहीं, हार्बर लाइन पर सीएसएमटी–चुनाभट्टी/वांद्रे सेक्शन में भी मेगा ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में इस मार्ग की कई लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ विशेष लोकल सेवाएं चलाई जाएंगी, जबकि आवश्यकतानुसार यात्रियों को सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की अन्य सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रविवार को यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और अतिरिक्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें, ताकि मेगा ब्लॉक के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके।


