श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

कुर्ला पश्चिम के अशोक नगर, टेकड़ी नंबर-3 में बुधवार, 12 अगस्त 2026 की सुबह भूस्खलन की दर्दनाक घटना में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। पहाड़ी ढलान से मिट्टी और मलबा नीचे स्थित 2 से 3 घरों पर गिरने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद बीएमसी, मुंबई अग्निशमन दल, एनडीआरएफ, मुंबई पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।


■ महापौर ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई की महापौर रितू तावडे ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और राहत एवं बचाव कार्य में लगी सभी एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभाग समिति अध्यक्ष विजयेंद्र शिंदे, अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, एल विभाग के सहायक आयुक्त (प्रभारी) अनिल जाधव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
■ मृतकों के परिवार को 4 लाख, घायलों को 50 हजार
महापौर रितू तावडे ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के वारिस को 4 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, प्रत्येक घायल को चिकित्सा उपचार के लिए 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।
■ घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा
बीएमसी के अनुसार, हादसे वाली जगह तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा है और वहां से एक समय में केवल एक व्यक्ति ही गुजर सकता है। इसके बावजूद बीएमसी के अधिकारी-कर्मचारी और मजदूर, मुंबई अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), मुंबई पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
■ 6 की मौत, 4 घायल
कुर्ला भाभा अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार कुल 4 घायल अस्पताल में लाए गए। इनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी के सिर में चोट आई है, जबकि मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) भी घायल हैं। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
वहीं, राजावाड़ी अस्पताल में 6 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जिनमें 14 वर्षीय मोहम्मद समीर अंसारी, 19 वर्षीय साहिल हुसैन अब्दुल काजी, करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति, 2 वर्षीय अबान आरिफ शेख, 4 वर्षीय मनात आरिफ शेख और 27 वर्षीय मरजीना आरिफ शेख शामिल हैं।
कुल आंकड़ा: 10 — 6 मृत और 4 घायल।
प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान जारी है।


