श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की कक्ष 11 और कांदिवली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन की तस्करी और बिक्री करने वाले दो आरोपियों आलम अली (23 वर्ष) और नावेद( 23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 651 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 25 लाख 40 हजार रुपये है, बरामद की है। इसके अलावा नकदी और मोबाइल फोन समेत कुल 3 करोड़ 28 लाख 800 रुपये का माल जब्त किया गया है।


पुलिस के अनुसार, मुंबई और मुंबई उपनगर में मादक पदार्थों की तस्करी तथा खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस आयुक्त, बृहन्मुंबई द्वारा दिए गए हैं। इसी के तहत कक्ष 11, अपराध शाखा, कांदिवली (पश्चिम) की टीम ने विशेष अभियान चलाया।


20 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कांदिवली पश्चिम इलाके में कार्रवाई की गई। खजुरिया रोड, बीएमसी गार्डन के पास पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 651 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 25 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख 10 हजार रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन और अन्य सामग्री, जिसकी कीमत करीब 50,800 रुपये है, भी जब्त की। इस तरह पुलिस द्वारा जब्त किए गए कुल माल की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 28 लाख 800 रुपये है।
इस मामले में कांदिवली पुलिस थाने में गु.र.क्र. 110/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को हेरोइन की तस्करी और बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जांच में हेरोइन की तस्करी करने वाले गिरोह में आरोपियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हेरोइन की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवळे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
कार्रवाई में अपराध शाखा कक्ष 11 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत जगदाळे सहित पुलिस अधिकारियों और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


