श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

भारतीय सेना की आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (एवीएनएल), जबलपुर कार्यालय में किराये पर वाहन लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाली एक महिला को दिंडोशी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान मोनाली कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने फर्जी विज्ञापन और झूठे आश्वासन के जरिए शिकायतकर्ता से 32 लाख 63 हजार रुपये की ठगी की थी।


दिंडोशी पुलिस थाने में दर्ज मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता अजित सिंह, जो जबलपुर स्थित एक्सिस बैंक में कार्यरत हैं, ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला मोनाली कुमारी ने मोबाइल व्हाट्सऐप के जरिए एवीएनएल कार्यालय के लिए अलग-अलग प्रकार के वाहनों की जरूरत होने का फर्जी विज्ञापन भेजा था। इसके बाद उसने शिकायतकर्ता को विश्वास में लेकर एवीएनएल कार्यालय में उसके नाम से वाहन किराये पर लगाने का आश्वासन दिया।
आरोपी ने जनवरी 2025 से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग समय पर शिकायतकर्ता से पैसे लिए। पुलिस के मुताबिक, इस तरह आरोपी ने कुल 31,63,000 रुपये अपने बैंक खाते में प्राप्त किए। बाद में जब शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ, तो दिंडोशी पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया।


पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच, बैंक खातों की पड़ताल और मानवीय कौशल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि पूरी ठगी आरोपी मोनाली कुमारी ने ही की थी। इसके बाद पुलिस ने 18 अगस्त 2026 को जबलपुर, मध्य प्रदेश से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी महिला को एक्सिस बैंक से निलंबित किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह ठगी की थी। उसके खिलाफ जबलपुर में भी मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते से ठगी की रकम में से 22 लाख 64 हजार 524 रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी पुलिस ने जब्त किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस आयुक्त देवन भारती, सह पुलिस आयुक्त डॉ. मनोज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दिंडोशी पुलिस थाने की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आरोपी के खिलाफ दिंडोशी पुलिस थाने में गु.र.क्र. 352/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी द्वारा अन्य लोगों के साथ की गई संभावित ठगी के मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।


