मोदी सरकार के 25 साल पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में मनाया जाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: अमित शाह

Date:

मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी संगठनों की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में पत्रकार परिषद में इसकी घोषणा की। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार और भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम सहित कई नेता मौजूद थे।


अमित शाह ने कहा कि 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। पहले गुजरात और बाद में देशभर में इस अवसर पर सेवा सप्ताह आयोजित किया जाता था, लेकिन इस वर्ष मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के कारण व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश, जिले, लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र से लेकर बूथ स्तर तक चलाया जाएगा।


शाह ने कहा कि मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद स्वयं को ‘प्रधानसेवक’ के रूप में प्रस्तुत किया और संविधान से मिले अधिकारों का उपयोग गरीबों का जीवनस्तर सुधारने, देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में दुनिया का अग्रणी और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प इस अभियान के माध्यम से जनता के सामने रखा जाएगा।

■ देशभर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम


अमित शाह के अनुसार, अभियान के तहत बूथ, मंडल और जिला स्तर पर सैकड़ों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 12 प्रमुख कार्यक्रम देशभर में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चलाए जाएंगे।


‘सेवा दिवस’ के तहत रक्तदान, दीप प्रज्वलन और जनआभार कार्यक्रम होंगे। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर बच्चों, किशोरों और युवाओं के लिए देशव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।


‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी सेविकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। इस दौरान बच्चों और माताओं से संबंधित पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। ‘सेवा कथा’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी।


‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया जाएगा। वहीं ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक 10-10 समूह यात्राएं निकालेंगे। विभिन्न पवित्र नदियों के जल से वडनगर स्थित हटकेश्वर महादेव और वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।


‘सेवा में मेरा योगदान’ के तहत 25 अलग-अलग सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी, जबकि ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत का संदेश प्रदर्शित किया जाएगा।


इसके अलावा ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, पेशेवरों और कॉरपोरेट नवोन्मेषकों को जोड़ने के लिए पांच प्रमुख क्षेत्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘सुशासन संवाद’ का आयोजन 17 अक्टूबर को देश के चार स्थानों पर किया जाएगा, जिसमें हजारों जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

■ मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं


अमित शाह ने मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान गुजरात और देश में बुनियादी ढांचे, गरीबी उन्मूलन और लोकतांत्रिक व्यवस्था के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 से 2026 के बीच देश की राजनीति भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद से निकलकर ‘परफॉर्मेंस की राजनीति’ की ओर बढ़ी है।


शाह ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था, जिसे पहले ‘फ्रेजाइल फाइव’ में गिना जाता था, अब शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गई है। उन्होंने पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि का उल्लेख करते हुए भारत को बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला देश बताया।


उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने मजबूत विदेश और रक्षा नीति अपनाई है और आतंकवादी हमलों का जवाब देने की क्षमता दुनिया के सामने प्रदर्शित की है। अनुच्छेद 370, नक्सलवाद और पूर्वोत्तर के मुद्दों को लेकर भी उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।


शाह ने दावा किया कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया, 44 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक के उपचार का लाभ मिल रहा है, 16 करोड़ घरों तक नल से पानी पहुंचा है, 13 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं और 11 करोड़ उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने चार करोड़ गरीब परिवारों को घर, सात करोड़ घरों में बिजली तथा तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ‘लखपति दीदी’ बनाने का दावा भी किया।


उन्होंने कहा कि जीएसटी के माध्यम से ‘एक देश, एक कर’ की दिशा में कदम बढ़ाया गया है और जनधन, आधार तथा मोबाइल के माध्यम से डिजिटल शासन की मजबूत नींव तैयार की गई है। शाह ने विश्वास जताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को भी जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

मुंबई एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी से 327 उड़ानों में देरी, चेक-इन और बोर्डिंग व्यवस्था प्रभावित।

मुंबई वार्ता संवाददाता मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज...

मुंबई में साइबर ठगी के लिए फर्जी आरटीओ चालान और बिजली बिल ऐप बनाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार।

मुंबई वार्ता संवाददाता मुंबई में साइबर पुलिस ने फर्जी...