मुंबई की झोपड़पट्टियों में अवैध निर्माण पर 1 अक्टूबर से विशेष अभियान, 14 फीट या उससे ऊंची झोपड़ियों पर होगी कार्रवाई।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) प्रशासन की ओर से झोपड़पट्टी क्षेत्रों में अवैध निर्माण के खिलाफ 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 14 फीट और उससे अधिक ऊंचाई वाली झोपड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीएमसी ने संबंधित निवासियों से अपील की है कि वे अपने अवैध निर्माण को तत्काल स्वयं हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे के निर्देश पर अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे के मार्गदर्शन और सहायक आयुक्त (दक्षता) देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में झोपड़पट्टी क्षेत्रों में अवैध निर्माणों को हटाने के लिए यह विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है।


बीएमसी के अनुसार, बृहन्मुंबई क्षेत्र यानी मुंबई शहर और उपनगरों में कुल 2 लाख 23 हजार 150 झोपड़ियां हैं। इनमें से 39 हजार 111 झोपड़ियां 14 फीट या उससे अधिक ऊंचाई वाली पाई गई हैं। इनमें मुंबई शहर क्षेत्र में 3,348, पश्चिमी उपनगरों में 4,536 और पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक 31,227 झोपड़ियां शामिल हैं।


इनमें से अब तक 4,584 झोपड़ियों के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि 611 झोपड़ियों को नोटिस जारी किए गए हैं। बीएमसी ने शेष झोपड़ियों में रहने वाले लोगों से संबंधित अवैध निर्माणों को स्वयं तत्काल हटाने की अपील की है। ऐसा नहीं करने पर प्रशासन की ओर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।


बीएमसी के विभिन्न प्रशासनिक वार्डों में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। 24 अगस्त से 15 सितंबर 2026 के बीच कुल 128 अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा 140 अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है।


महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध निर्माण न करें। यदि किसी ने इस तरह का निर्माण कर लिया है तो उसे तत्काल स्वयं हटा दें। बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

दि मालाड सहकारी बैंक को सर्वोत्कृष्ट बैंक पुरस्कार 2026 में द्वितीय स्थान।

मुंबई वार्ता संवाददाता दि महाराष्ट्र अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक्स फेडरेशन...