मुंबई वार्ता संवाददाता

अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आरोपियों की पहचान फूल सिंह, ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और रेहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों मुंबई से दिल्ली की ओर ट्रेन से यात्रा कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें कोटा में पकड़ लिया।मुंबई में हुई फायरिंग की इस घटना के बाद पुलिस आरोपियों की कथित भूमिका, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रही है। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित संबंध होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इस संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


■ फायरिंग में इस्तेमाल पल्सर बाइक की तीन बार बदली गई मालिकी
पुलिस जांच का एक अहम पहलू वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल है। मुंबई पुलिस बाइक के मालिकाना हक का पूरा रिकॉर्ड खंगाल रही है। रिपोर्टों के अनुसार, मोटरसाइकिल तीन बार एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के पास गई थी। इसका पहला पंजीकृत मालिक जोगेश्वरी का रहने वाला बताया जा रहा है।जांच में यह भी सामने आया है कि बाइक के तीसरे मालिक को इसके लिए भुगतान किया गया था, लेकिन वाहन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों में नाम का हस्तांतरण नहीं हुआ था। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि मोटरसाइकिल किन-किन लोगों के पास रही और फायरिंग की घटना में इसका इस्तेमाल किसने किया।
■ हमले की साजिश और गिरोह से संबंधों की जांच
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हमले के पीछे के मकसद, उनकी कथित भूमिका और फरार होने की योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां इस संभावना की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या आरोपियों ने वारदात से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी।लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित संबंधों को लेकर भी जांच जारी है। फिलहाल पुलिस की जांच का उद्देश्य हमले की पूरी साजिश का खुलासा करना, मोटरसाइकिल की खरीद-बिक्री की कड़ियों को जोड़ना और यह पता लगाना है कि घटना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।


