दादर में BMC का पार्किंग स्थल जून 2023 से इस्तेमाल से बाहर; नाट्य निर्माता संघ को जगह खाली करने के निर्देश।

Date:

■ वास्तु सेंट्रल बिल्डिंग स्थित 100 से अधिक वाहनों की क्षमता वाले पार्किंग स्थल में रखे हैं नाटकों के सेट; अनिल गलगली की मांग—नागरिकों के लिए तत्काल शुरू किया जाए पार्किंग स्थल।

मुंबई वार्ता संवाददाता

दादर स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के वास्तु सेंट्रल बिल्डिंग में 100 से अधिक वाहनों की क्षमता वाला पार्किंग स्थल जून 2023 से वाहनों की पार्किंग के लिए इस्तेमाल नहीं हो रहा है। इस जगह का उपयोग जागतिक मराठी नाट्यधर्मी निर्माता संघ द्वारा नाटकों के सेट और अन्य सामग्री रखने के लिए किया जा रहा है। सार्वजनिक पार्किंग स्थल का मूल उद्देश्य प्रभावित होने के कारण इसे नागरिकों के लिए फिर से शुरू करने की मांग उठी है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कोविड महामारी की पृष्ठभूमि में इस उपयोग की अनुमति दी गई थी। महानगरपालिका आयुक्त ने एमजीसी/एफ/9914, दिनांक 15 जून 2023 के संदर्भ में जून 2024 तक मंजूरी दी थी। इसके बाद जून 2024 से जून 2025 तक की अवधि के लिए उप आयुक्त (परि-2) ने एमडीएफ/781, दिनांक 21 जून 2024 के संदर्भ में अनुमति प्रदान की थी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि जी/उत्तर विभाग के जे. के. सावंत मार्ग, दादर पश्चिम स्थित कोहिनूर पार्किंग स्थल में मराठी नाट्य निर्माताओं के वाहनों की पार्किंग और वास्तु सेंट्रल बिल्डिंग स्थित पार्किंग स्थल में नाटकों के सेट तथा अन्य सामग्री रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

इसी पृष्ठभूमि में महानगरपालिका ने संबंधित संघ को वर्तमान में इस्तेमाल की जा रही पार्किंग की जगह तत्काल खाली करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि जगह खाली नहीं की गई, तो महानगरपालिका के लागू प्रावधानों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

सूचना का अधिकार (RTI) कार्यकर्ता अनिल गलगली ने कहा, “महानगरपालिका के सार्वजनिक पार्किंग स्थल का उपयोग वाहनों की पार्किंग के लिए ही होना चाहिए। कोविड महामारी की पृष्ठभूमि में दी गई अनुमति की अवधि समाप्त होने के बाद भी यदि पार्किंग स्थल का इस्तेमाल नाटकों के सेट रखने के लिए किया जा रहा है, तो इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। एक ओर दादर परिसर में पार्किंग की जगह की कमी है, वहीं दूसरी ओर महानगरपालिका का पार्किंग स्थल इस्तेमाल से बाहर रहना उचित नहीं है।”

गलगली ने मांग की कि महानगरपालिका संबंधित जगह तत्काल खाली करवाकर पार्किंग स्थल को नागरिकों के लिए शुरू करे। साथ ही, सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग उनके मूल उद्देश्य के अनुरूप हो रहा है या नहीं, इसकी नियमित निगरानी की जानी चाहिए।

दादर परिसर में पार्किंग की गंभीर समस्या को देखते हुए गलगली ने महानगरपालिका से इस मामले में तत्काल कार्रवाई कर पार्किंग स्थल को दोबारा नागरिकों की सेवा में उपलब्ध कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

मुंबई के मनपा अस्पतालों में मरीजों को मिलेगा बासमती चावल, सस्ती दरों पर सब्जियां और दालें खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी।

मुंबई वार्ता संवाददाता बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अस्पतालों में...