■ सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जलजा फाउंडेशन की अनूठी पहल, लगातार नौवें वर्ष हुआ आयोजन; एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश।
मुंबई वार्ता संवाददाता

देश की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जलजा फाउंडेशन की ओर से रविवार, 1 नवंबर को पवई के हीरानंदानी परिसर में ‘रन ऑफ यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।


जलजा फाउंडेशन की ओर से पिछले नौ वर्षों से लगातार इस दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2017 में शुरू हुई इस पहल ने अब एक बड़े जनभागीदारी वाले आयोजन का रूप ले लिया है। हर साल इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। इस बार भी युवाओं, महिलाओं, बच्चों और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता के संकल्प को मजबूत किया।


कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेता एवं फिल्म कलाकार सुरेंद्र पाल सिंह, बोरीवली के भाजपा विधायक संजय उपाध्याय, चांदिवली विधानसभा क्षेत्र के शिवसेना विधायक दिलीप (मामा) लांडे, भाजपा नेता अमरजीत सिंह सहित जलजा फाउंडेशन के अध्यक्ष जय प्रकाश शेट्टी, शिल्पा शेट्टी, संजना शेट्टी, शुभ महादिक, महेश शेट्टी, सुरेंद्र यादव, वीरेंद्र दुबे, सीताराम तिवारी, करण शेट्टी, शुभ्रांशु दीक्षित और अभिनेता सरहान सिंह उपस्थित रहे।


इस अवसर पर शुभ्रांशु दीक्षित ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में वर्ष 2017 से ‘रन ऑफ यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को नौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में रन ऑफ यूनिटी का उल्लेख कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष पांच हजार से अधिक लोग इस आयोजन में शामिल होकर पूरे उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लेते हैं। इसका उद्देश्य लोगों में एकता, भाईचारे और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है।
प्रतिभागियों की सुविधा और उनकी शारीरिक क्षमता को ध्यान में रखते हुए दौड़ को 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की तीन अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित किया गया। सुबह से ही हीरानंदानी परिसर में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था। सभी ने पूरे जोश और उमंग के साथ निर्धारित दूरी पूरी की।कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन के माध्यम से खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा दिया गया। जलजा फाउंडेशन की यह पहल राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के साथ ही लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती रही।


