मुंबई वार्ता संवाददाता

पाम बीच मार्ग पर मोराज सर्कल से सारसोले जंक्शन के बीच बाइक से खतरनाक स्टंट करने वाले युवक को नवी मुंबई यातायात पुलिस ने पकड़कर उसके खिलाफ कार्रवाई की है। युवक की स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और उसकी तलाश शुरू की थी।


जानकारी के अनुसार, युवक पाम बीच मार्ग पर तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए अगला पहिया उठाकर स्टंट कर रहा था। व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े किए जा रहे इन खतरनाक करतबों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इससे बाइक सवार के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी।
शनिवार रात पाम बीच मार्ग पर नियमित गश्त के दौरान पुलिस को संबंधित युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन सीवुड्स यातायात पुलिस शाखा के अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। उसके खिलाफ यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया।यह कार्रवाई यातायात पुलिस उपायुक्त राहुल खाडे के मार्गदर्शन में सीवुड्स यातायात शाखा की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुवर्णा राऊत के नेतृत्व में की गई।
पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। उसने माना कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह स्टंट करना गलत है और इससे उसकी अपनी जान के साथ दूसरे नागरिकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उसने भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने का आश्वासन दिया। साथ ही अन्य युवाओं से भी सोशल मीडिया पर स्टंट के वीडियो देखकर उनकी नकल नहीं करने की अपील की।
गौरतलब है कि पाम बीच मार्ग पर तेज रफ्तार, खतरनाक बाइक स्टंट और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। यातायात पुलिस ने पिछले महीने भी कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक बदले हुए साइलेंसर जब्त किए थे। बाद में विशेष अभियान के तहत इन्हें नष्ट किया गया।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पाम बीच मार्ग पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


