■ मुंबई उपनगर के पालकमंत्री आशीष शेलार ने किया सेवा का लोकार्पण, आयुष्मान भारत और महात्मा फुले जनआरोग्य योजना के तहत मरीजों को मिलेगी सुविधा।
मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा संचालित श्रीमती मनसादेवी तुलसीराम अग्रवाल सर्वसाधारण अस्पताल में 10 बेड की अत्याधुनिक डायलिसिस सेवा शुरू की गई है। रविवार, 1 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता विभाग तथा सांस्कृतिक कार्य मंत्री और मुंबई उपनगर जिले के पालकमंत्री एड. आशीष शेलार ने इस सेवा का लोकार्पण किया। इस सुविधा के शुरू होने से किडनी की बीमारी से पीड़ित मरीजों को आसानी से डायलिसिस उपचार उपलब्ध हो सकेगा।


बीएमसी के अनुसार, इस केंद्र से हर साल सैकड़ों मरीजों को लाभ मिलेगा।यह डायलिसिस सेवा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के आधार पर मुक्ता किडनी एंड डायलिसिस केंद्र के माध्यम से शुरू की गई है। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थापित इस केंद्र में 10 मरीजों के उपचार की व्यवस्था की गई है। यहां मुक्ता किडनी एंड डायलिसिस संस्था की ओर से आवश्यक चिकित्सा कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। केंद्र में प्रतिदिन अलग-अलग सत्रों के माध्यम से लगभग 50 मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आयुष्मान भारत और महात्मा फुले जनआरोग्य योजना के पात्र मरीजों को निर्धारित नियमों के तहत प्रति मरीज पांच लाख रुपये की वार्षिक सीमा तक उपचार सुविधा का लाभ मिल सकेगा। वहीं, इन योजनाओं के दायरे से बाहर रहने वाले मरीजों के लिए भी बेहद कम दरों पर डायलिसिस की व्यवस्था की गई है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण समारोह में आशीष शेलार ने कहा कि समाज के किसी भी मरीज को जब डायलिसिस की आवश्यकता पड़े, तो उसे आसानी से, कम खर्च में और उचित उपचार की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। पीपीपी मॉडल के माध्यम से मरीजों की सेवा करने का अवसर मिला है।
उन्होंने इस पहल को जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।इस अवसर पर विधायक मिहिर कोटेचा ने कहा कि मुलुंड के नागरिकों के लिए दीपावली के अवसर पर यह स्वास्थ्य सुविधाओं की एक विशेष सौगात है। कार्यक्रम में नगरसेवक प्रकाश गंगाधरे, नील सोमैया, पूर्व नगरसेविका समिधा कांबले, बीएमसी उपायुक्त शरद उघड़े, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्रकांत पवार तथा अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजूसिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
गौरतलब है कि श्रीमती मनसादेवी तुलसीराम अग्रवाल सर्वसाधारण अस्पताल की नई इमारत का उद्घाटन 14 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दूरदृश्य प्रणाली के माध्यम से किया था। वर्तमान में अस्पताल में उपलब्ध 110 बेड के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं संचालित की जा रही हैं। यहां मेडिसिन, सर्जरी, हड्डी रोग, कान-नाक-गला, नेत्र रोग, बाल रोग, त्वचा रोग, दंत चिकित्सा, रक्तचाप और मधुमेह उपचार के साथ प्रयोगशाला सेवाएं भी उपलब्ध हैं।
बीएमसी अस्पताल में चिकित्सा शिक्षा और जांच सुविधाओं का भी विस्तार करने जा रही है। इसके लिए डीएनबी पाठ्यक्रम शुरू करने के उद्देश्य से विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा अगले छह महीनों में अस्पताल में सीटी स्कैन और एमआरआई जांच सेवाएं भी शुरू करने की योजना है। इससे मुलुंड और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।


