‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ के नारे के साथ भाजपा का कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला, विधायक अतुल भातखलकर ने लगाए गंभीर आरोप।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय जनता पार्टी ने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने और देश में भ्रामक प्रचार फैलाने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा के उत्तर मुंबई जिला की ओर से आयोजित पत्रकार परिषद में विधायक अतुल भातखलकर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। पत्रकार परिषद का मुख्य नारा ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ रखा गया था।

भाजपा की ओर से बताया गया कि विपक्षी दलों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर देश की संवैधानिक संस्थाओं तक पर लगाए जा रहे आरोपों के जवाब में पार्टी ने हाल ही में एक बड़ी रैली आयोजित की थी। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए 3 नवंबर को उत्तर मुंबई जिला की ओर से पत्रकार परिषद आयोजित की गई।

इस अवसर पर विधायक अतुल भातखलकर के साथ जिला अध्यक्ष एवं नगरसेवक दीपक (बाला) तावड़े, मनीषा ताई चौधरी, प्रचार प्रमुख नीला बेन सोनी राठौड़ और महामंत्री रश्मिकांत बेलवलकर उपस्थित थे।पत्रकार परिषद में भातखलकर ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार तीन बार हार चुके हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने वाले विपक्षी दलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष को यह भी विचार करना चाहिए कि जिन चुनावों में वह हार का सामना कर चुका है, उस समय ज्ञानेश कुमार चुनाव आयोग के प्रमुख नहीं थे।राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भातखलकर ने कहा कि यदि उन्हें लगता है कि चुनाव फर्जी तरीके से कराए गए हैं, तो सबसे पहले उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक तरफ लोकसभा की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चलने देते और दूसरी तरफ नकली संसद यानी ‘मॉक पार्लियामेंट’ का आयोजन करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि इस तरह के आयोजन से राहुल गांधी आखिर क्या साबित करना चाहते हैं?भातखलकर ने आगे आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोप केवल राहुल गांधी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसके पीछे एक बड़ी साजिश और षड्यंत्र है।

उन्होंने दावा किया कि इस कथित साजिश को देश के बाहर बैठे दुश्मनों का भी समर्थन प्राप्त है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए भातखलकर ने कहा कि विश्व बैंक के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत में गरीबी में 56 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि भारत विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन सत्ता से बाहर हो चुके विपक्षी दल और राहुल गांधी इस प्रगति से बौखलाकर लगातार निम्न स्तर की बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश के नागरिक और मतदाता विपक्ष के कथित झूठे प्रचार, भ्रामक विमर्श और देश की शांति भंग करने की कोशिशों को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। भाजपा के अनुसार, देशभर में आयोजित रैलियों में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा-महायुति सरकार के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाती है।

भातखलकर ने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस और राहुल गांधी की राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लगातार आरोपों और आंदोलनों के बावजूद मतदाताओं का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के नेतृत्व के साथ बना हुआ है।

पत्रकार परिषद के दौरान भाजपा नेताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस तथा राहुल गांधी की राजनीति पर सवाल खड़े किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related