मुंबईकरों के लिए बड़ी राहत! पहली नॉन-एसी ऑटोमैटिक डोर लोकल मुंबई पहुंची, अब दरवाजे पर लटककर सफर नहीं कर सकेंगे यात्री।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर करने वाले लाखों यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुंबई में पहली नॉन-एसी ऑटोमैटिक डोर लोकल ट्रेन पहुंच गई है। इस 12 डिब्बों वाली ट्रेन के दरवाजे चलती ट्रेन में अपने आप बंद रहेंगे। इससे यात्रियों को दरवाजे पर लटककर या फुटबोर्ड पर खड़े होकर सफर करने से रोका जा सकेगा और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।

हालांकि, ट्रेन मुंबई पहुंचने के बावजूद फिलहाल यात्रियों के लिए इसकी नियमित सेवा शुरू नहीं होगी। रेलवे पहले इसके तकनीकी, सुरक्षा और परिचालन से जुड़े विभिन्न परीक्षण करेगा। सभी परीक्षणों के नतीजों और आवश्यक मंजूरी के बाद ही इसे नियमित सेवा में शामिल करने का फैसला लिया जाएगा।यह 12 डिब्बों वाली लोकल चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में तैयार की गई है।

मुंबई की लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजे लगाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। 9 जून 2025 को मुंब्रा में हुए दर्दनाक रेल हादसे के बाद यह मांग और तेज हो गई थी। उस दुर्घटना में विपरीत दिशा से आ रही दो भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेनों के दरवाजों पर खड़े कई यात्रियों का संतुलन बिगड़ गया था और वे पटरियों पर गिर गए थे। इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।इस घटना के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई की लोकल सेवाओं में चरणबद्ध तरीके से ऑटोमैटिक दरवाजों वाली एसी ट्रेनें शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि यात्रियों पर टिकट के किराये का अतिरिक्त बोझ डाले बिना मेट्रो जैसी सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क पर प्रतिदिन लगभग 70 से 80 लाख यात्री सफर करते हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क पर विभिन्न कारणों से 2,287 लोगों की मौत हुई थी। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 2,468 था। वर्ष 2025 में चलती ट्रेन से गिरने के कारण 525 यात्रियों की जान गई, जबकि रेलवे ट्रैक पार करते समय 1,063 लोगों की मौत हुई। ऐसे में ऑटोमैटिक दरवाजों वाली लोकल को यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

हवा के लिए दरवाजों में विशेष व्यवस्थानई नॉन-एसी लोकल में सुरक्षा के साथ यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। पारंपरिक नॉन-एसी लोकल के दरवाजे खुले रहने के कारण डिब्बों में प्राकृतिक हवा आती रहती है। लेकिन ऑटोमैटिक दरवाजे बंद रहने से गर्मी और घुटन की समस्या पैदा होने की आशंका थी। इसे ध्यान में रखते हुए नई ट्रेन के दरवाजों में विशेष लूवर्ड सेक्शन बनाए गए हैं, जिनसे दरवाजे बंद रहने के बावजूद बाहरी हवा डिब्बों में पहुंच सकेगी। इसके अलावा ट्रेन की छत पर भी हवा के आवागमन के लिए वेंटिलेटर लगाए गए हैं।इस ट्रेन में वेस्टिब्यूल कनेक्शन की सुविधा भी दी गई है। इसके जरिए यात्री एक डिब्बे से दूसरे डिब्बे में जा सकेंगे। इससे भीड़ को अलग-अलग डिब्बों में बांटने और यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुंबई के उपनगरीय मार्गों पर होगी तकनीकी जांचमुंबई पहुंचने से पहले इस 12 डिब्बों वाली ट्रेन का 63 किलोमीटर लंबे खजुराहो-महोबा रेल मार्ग पर परीक्षण किया जा चुका है। अब मध्य रेलवे मुंबई के उपनगरीय रेल मार्गों पर इसका परीक्षण करेगा। इस दौरान दरवाजों के खुलने और बंद होने की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, सेंसर की क्षमता और वास्तविक परिचालन के दौरान आने वाली समस्याओं की जांच की जाएगी।विशेष रूप से यह देखा जाएगा कि प्रत्येक स्टेशन पर दरवाजे खुलने और बंद होने में कितना समय लगता है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में यात्रियों के चढ़ने और उतरने की प्रक्रिया कितनी सुचारू रहती है, यह भी परीक्षण का अहम हिस्सा होगा।

■ पहले भी हो चुके हैं ऑटोमैटिक दरवाजों के प्रयोग

मुंबई की लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजे लगाने का यह पहला प्रयास नहीं है। इससे पहले वर्ष 2019 में पश्चिम रेलवे ने महालक्ष्मी वर्कशॉप में 15 डिब्बों वाली लोकल के कुछ डिब्बों में बदलाव कर ऑटोमैटिक दरवाजों का प्रयोग किया था। इस परियोजना पर लगभग 75 लाख रुपये खर्च किए गए थे। हालांकि, डिब्बों में पर्याप्त हवा नहीं पहुंचने की समस्या के कारण यह प्रयोग नियमित सेवा में शामिल नहीं हो सका।इससे पहले वर्ष 2016-17 में भी इसी तरह का प्रयोग किया गया था। उस दौरान यात्रियों की भारी भीड़ के कारण दरवाजों में लगे ऑब्स्ट्रक्शन सेंसर बार-बार सक्रिय हो जाते थे। इसके चलते दरवाजे बंद होने में परेशानी आती थी और ट्रेन के परिचालन एवं समय-सारिणी पर असर पड़ता था।

वर्ष 2025 में मध्य रेलवे के एक अन्य प्रयोग के दौरान भी दरवाजों की मोटर गर्म होने और सेंसर में खराबी आने जैसी तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं।ऐसे में नई लोकल के सामने इन पुरानी तकनीकी खामियों को दूर करना बड़ी चुनौती होगी। रेलवे के लिए यह सुनिश्चित करना जरूरी होगा कि भीड़भाड़ के बावजूद दरवाजे समय पर बंद हों और यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।सभी तकनीकी और सुरक्षा परीक्षण सफल होने तथा जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इस नई नॉन-एसी ऑटोमैटिक डोर लोकल को मुंबई की नियमित उपनगरीय रेल सेवा में शामिल किया जाएगा। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो रोजाना लोकल में जान जोखिम में डालकर सफर करने वाले लाखों मुंबईकरों को बड़ी राहत मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related